Thursday, May 17, 2012

हिंदी पत्रकारिता के अमिट हस्ताक्षर- राजेंद्र माथुर

राजेन्द्र माथुर हिंदी पत्रकारिता में अमिट हस्ताक्षर के समान हैं। मालवा के साधारण परिवार में जन्मे राजेन्द्र बाबू ने हिंदी पत्रकारिता जगत में असाधारण प्रतिष्ठा प्राप्त की। उनका जन्म 7 अगस्त, 1935 को मध्य प्रदेश  के धार जिले में हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा धार, मंदसौर एवं उज्जैन में हुई। उच्च शिक्षा के लिए वे इंदौर आए जहां उन्होंने अपने पत्रकार जीवन के महत्वपूर्ण समय को जिया।
राजेन्द्र माथुर उन बिरले लोगों में से थे जो उद्देश्य के लिए जीते हैं। पत्रकार जीवन की शुरुआत उन्होंने स्नातक की पढ़ाई के दौरान ही कर दी थी। जिस समय हिंदी पत्रकारिता मुख्य धारा में अपना स्थान बनाने के लिए संघर्ष कर रही थी, उसी समय राजेन्द्र बाबू भी पत्रकारिता में अपना स्थान बनाने के लिए आए थे। पत्रकारिता जगत में उन्होंने अपना स्थान ही नहीं बनाया बल्किहिंदी पत्रकारिता को भी मुख्य धारा में लाए। अंग्रेजी भाषा के अच्छे जानकार राजेन्द्र माथुर चाहते तो अंग्रेजी पत्रकारिता में अपना स्थान बना सकते थे। लेकिन तब शायद भारत के अंतर्मन को समझने का उचित  मौका न मिलता।
भारतीय भाषा में भारत के सरोकारों को समझने के लिए उन्होंने हिंदी पत्रकारिता को अपने माध्यम के रूप में चुना। पत्रकारिता की दुनिया में उन्होंने नई दुनिया दैनिक पत्र के माध्यम से दस्तक दी। नई दुनिया के संपादक राहुल बारपुते से उनकी मुलाकात शरद जोशी ने करवाई थी। बारपुते जी से अपनी पहली मुलाकात में उन्होंने पत्र के लिए कुछ लिखने की इच्छा जताई।राहुल जी ने उनकी लेखन प्रतिभा को जांचने-परखने के लिए उनसे उनके लिखे को देखने की बात कही। उसके बाद अगली मुलाकात में राजेन्द्र माथुर अपने लेखों का बंडल लेकर ही बारपुते जी से मिले।
अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर गहन अध्ययन एवं जानकारी को देखकर राहुल जी बड़े प्रभावित हुए। उसके बाद समस्या थी कि राजेन्द्र माथुर के लेखों को पत्र में किस स्थान पर समायोजित किया जाए। इसका समाधान भी राजेन्द्र जी ने ही दिया। राहुल बारपुते जी का संपादकीय अग्रलेख प्रकाशित होता था, राजेन्द्र जी ने अग्रलेख के बाद अनुलेख के रूप में लेख को प्रकाशित करने का सुझाव दिया। अग्रलेख के पश्चात अनुलेख लिखने का सिलसिला लंबे समय तक चला। सन 1955 में नई दुनिया की दुनिया में जुड़ने के बाद वह 27 वर्षों के लंबे अंतराल के दौरान वे नई दुनिया के महत्वपूर्ण सदस्य बने रहे।
राजेन्द्र जी ने लगातार दस वर्षों तक अनुलेख लिखना जारी रखा। सन 1965 में बदलाव करते हुए उन्होंने पिछला सप्ताह नामक लेख लिखना प्रारंभ किया। जिसमें बीते सप्ताह के महत्वपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी एवं विश्लेषण प्रकाशित होता था। सन 1969 में किसी मनुष्य ने चंद्रमा पर पहला कदम रखकर अप्रत्याशित कामयाबी पाई थी। मनुष्य के चंद्रमा तक के सफर पर नई दुनिया ने 16 पृष्ठों का परिशिष्ट प्रकाशित किया था। यह कार्य राजेन्द्र माथुर के नेतृत्व में ही हुआ था। वे गुजराती कालेज में अंग्रेजी के प्राध्यापक थे, 1969 में वे अध्यापकी छोड़ पूरी तन्मयता के साथ नई दुनिया की दुनिया में रम गए।
पिछला सप्ताह स्तंभ लिखना उन्होंने आपातकाल तक जारी रखा। आपातकाल के दौरान सरकार ने जब प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने का प्रयास किया। तब राजेन्द्र जी ने शीर्षक के नाम से सरकारी प्रतिक्रिया की परवाह किए बिना धारदार आलेख लिखे। सन 1980 से उन्होंने कल आज और कल शीर्षक से स्तंभ लिखना शुरू किया। 14 जून, 1980 को वे प्रेस आयोग के सदस्य चुने गए। जिसके बाद सन 1981 में उन्होंने नई दुनिया के प्रधान संपादक के रूप में पदभार संभाला। प्रेस आयोग का सदस्य बनने के पश्चात वे टाइम्स आफ इंडिया के संपादक गिरिलाल जैन के संपर्क में आए।
गिरिलाल जैन ने राजेन्द्र माथुर को दिल्ली आने का सुझाव दिया। उनका मानना था कि राजेन्द्र जी जैसे मेधावान पत्रकार को दिल्ली में रहकर पत्रकारिता करनी चाहिए। लंबे अरसे तक सोच-विचार करने के पश्चात राजेन्द्र जी ने दिल्ली का रूख किया। सन 1982 में नवभारत टाइम्स के प्रधान संपादक बन कर वे दिल्ली आए। नवभारत टाइम्स की ओर से अमेरिकी सरकार के आमंत्रण पर उन्हें अमेरिका जाने का अवसर प्राप्त हुआ। अमेरिका में गए हिंदी पत्रकार ने अपनी अंग्रेजी की विद्वता से परिचय कराया। उनकी अंग्रेजी सुनकर अंग्रेज पत्रकार भी हतप्रभ रह गए। ऐसे समय में जब अंग्रेजी प्रतिष्ठा का सवाल हो हिंदी पत्रकारिता में योगदान देना प्रेरणादायी है।
दिल्ली आने के पश्चात राजेन्द्र माथुर ने नवभारत टाइम्स को दिल्ली, मुंबई से निकालकर प्रादेशिक राजधानियों तक पहुंचाने का कार्य किया। नवभारत टाइम्स को उन्होंने हिंदी पट्टी के पाठकों तक पहुंचाते हुए लखनऊ, पटना एवं जयपुर संस्करण प्रकाशित किए। यही समय था जबराजेन्द्र माथुर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। वे एडिटर्स गिल्ड के प्रधान सचिव भी रहे। उनके लेखन को संजोने का प्रयास करते हुए उनके लेखों के कई संग्रह प्रकाशित हुए हैं, जिनमें प्रमुख हैं- गांधी जी की जेल यात्रा, राजेन्द्र माथुर संचयन- दो खण्डों में, नब्ज पर हाथ, भारत एक अंतहीन यात्रा, सपनों में बनता देश, राम नाम से प्रजातंत्र।
राजेन्द्र माथुर की पत्रकारिता निरपेक्ष पत्रकारिता थी। पूर्वाग्रह ग्रसित पत्रकारिता से तो वे कोसों दूर थे। उनके निरपेक्ष लेखन का जिक्र करते हुए पत्रकार आलोक मेहता ने लिखा है-
‘‘1985-86 के दौरान भारत की एक महत्वपूर्ण गुप्तचर एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी ने मुलाकात के दौरान सवाल किया- ‘आखिर माथुर जी हैं क्या? लेखन से कभी वे कांग्रेसी लगते हैं, कभी हिंदूवादी संघी, तो कभी समाजवादी। आप तो इंदौर से उन्हें जानते हैं क्या रही उनकी पृष्ठभूमि?‘ मुझे जासूस की इस उलझन पर बड़ी प्रसन्नता हुई। मैंने कहा, ‘माथुर साहब हर विचारधारा में डुबकी लगाकर बहुत सहजता से ऊपर आ जाते हैं। उन्हें बहाकर ले जाने की ताकत किसी दल अथवा विचारधारा में नहीं है। वह किसी एक के साथ कभी नहीं जुड़े। वह सच्चे अर्थों में राष्ट्रभक्त हैं, उनके लिए भारत राष्ट्र ही सर्वोपरि है। राष्ट्र के लिए वे कितने ही बड़े बलिदान एवं त्याग के पक्षधर हैं‘‘ (सपनों में बनता देश, आलोक मेहता)
राजेन्द्र माथुर ने कभी किसी विचारधारा का अंध समर्थन नहीं किया। उनकी पत्रकारिता विशुद्ध राष्ट्रवाद को समर्पित थी। जड़ता की स्थिति में पहुंचाने वाली विचारधाराओं से उन्होंने सदैव दूरी बनाए रखी। पत्रकार के रूप में विचारधारा एवं पार्टीवाद से ऊपर उठकर वे पत्रकारिता के मिशन में लगे रहे। वर्तमान समय में जब पत्रकार विचारधाराओं के खेमे तलाश रहे हैं, ऐसे वक्त मेंराजेन्द्र माथुर की याद आना स्वाभाविक है।
राजेन्द्र माथुर ने बड़े ही जीवट से मूल्यपरक पत्रकारिता की थी, परंतु एक वक्त ऐसा भी आया जब वे बाजार के झंझावतों से निराश हुए। उन्होंने नवभारत टाइम्स को पूर्ण अखबार बनाने का स्वप्न देखा था। उनका यह स्वप्न तब तक रूप लेता रहा जब तक प्रबंधन अशोक जैन के हाथ था, किंतु जब प्रबंधन का जिम्मा समीर जैन पर आया तो यह स्वप्न बिखरने लगा था। समीर जैन नवभारत टाइम्स को ब्रांड बनाना चाहते थे जो बाजार से पूंजी खींचने में सक्षम हो। माथुर साहब ने अखबार को मुकम्मल बनाया था, लेकिन बाजार की अपेक्षाएं शायद कुछ और ही थीं। यही उनकी निराशा का कारण था। संभवतः पत्रकारिता के शीर्ष पुरूष की मृत्यु का कारण भी यही था। इस घटना के बारे में अनेको वर्षों तक उनके सहयोगी रहे रामबहादुर राय जी बताते हैं-
‘‘जब उन्हें लगा कि संपादक को संपादकीय के अलावा प्रबंधन के क्षेत्र का काम भी करना होगा, तो वह द्वंद में पड़ गए। इससे उन्हें शारीरिक कष्ट हुआ। अपने सपने को टूटते बिखरते हुए वे नहीं देख पाए। मृत्यु के कुछ दिनों पहले मेरी उनसे लंबी बातचीत हुई थी। एक दिन उन्हें फोन कर मैं उनके घर गया। माथुर साहब अकेले ही थे। वह मेरे लिए चाय बनाने किचन की ओर गए तो मैं भी गया। मैंने महसूस किया था कि वे परेशान हैं। मैंने पूछा क्या अड़चन है? उन्होंने कहा- देखो,  अशोक जैन नवभारत टाइम्स पढ़ते थे। उनको मैं बता सकता हूं कि अखबार कैसे बेहतर बनाया जाए। समीर जैन अखबार पढ़ता ही नहीं है। वह टाइम्स आफ इंडिया और इकानामिक टाइम्स को प्रियारिटी पर रखता है। उससे संवाद नहीं होता। उसका हुकुम मानने की स्थिति हो गई है। यही माथुर साहब का द्वंद था।‘‘ (मीडिया विमर्श, मार्च 2012)
राजेन्द्र माथुर ने मानों शब्दों की सेवा का ही प्रण लिया था। यही कारण था कि अनेकों बार अवसर प्राप्त होने पर भी वे सत्ता शिखर से दूर ही रहे। श्री माथुर के सहयोगी रहे विष्णु खरे ने सन 1991 में उनके अवसान के पश्चात  नवभारत टाइम्स में प्रकाशित लेख ‘बुझना एक प्रकाश-स्तंभ का‘ में लिखा था-
‘‘नवभारत टाइम्स के प्रधान संपादक बन जाने के बाद वे भविष्य में क्या बनेंगे, इसको लेकर उनके मित्रों में दिलचस्प अटकलबाजियां होती थीं और बात राष्ट्रसंघ एवं केन्द्रीय मंत्रिमंडल तक पहुंचती थी। लेकिन अपने अंतिम दिनों तक राजेन्द्र माथुर ‘एडिटर्स गिल्ड आफ इंडिया‘ जैसी पेशेवर संस्था के काम में ही स्वयं को होमते रहे। राजेन्द्र माथुर जैसे प्रत्येक व्यक्ति के चले जाने के पश्चात ऐसा कहा जाता है कि अब ऐसा शख्स दुबारा दिखाई नहीं देगा। लेकिन आज जब हिंदी तथा भारतीय पत्रकारिता पर निगाह डालते हैं और इस देश के बुद्धिजीवियों के नाम गिनने बैठते हैं तो राजेन्द्र माथुर का स्थान लेता कोई दूसरा नजर नहीं आता। बड़े और चर्चित पत्रकार बहुतेरे हैं, लेकिन राजेन्द्र माथुर जैसी ईमानदारी, प्रतिभा, जानकारी और लेखन किसी और में दिखाई नहीं दी।‘‘ (पत्रकारिता के युग निर्माता,शिव अनुराग पटैरया)
पत्रकारिता में स्थान बनाने के बाद पत्रकार सत्ता के केंद्रों से नजदीक आने को लालायित हैं। सत्ता केन्द्र से नजदीकी को कैरियर का शिखर मानने की वर्तमान समय में परिपाटी बन गई है। ऐसे में सत्ता केन्द्रों से समानांतर दूरी रखने वाले राजेन्द्र माथुर का पत्रकार जीवन अनुकरणीय है।

Friday, April 20, 2012

पानी के लाले, व्यवस्था बाजार के हवाले


जल ही जीवन है। जीवन को बनाए रखने के लिए अपरिहार्य जल की उपलब्धता निरंतर कम हो रही है। बढ़ती जनसंख्या एवं शहरीकरण के प्रसार ने जल संकट को गहराने का काम किया है। भारत जैसे अधिक आबादी वाले देश के लिए जल संकट बढ़ना खतरे की घंटी है। भारत में विश्व की 17 प्रतिशत आबादी निवास करती है। जबकि विश्व का केवल 4 प्रतिशत नवीकरणीय जल संसाधन भारत में उपलब्ध है। ऐसे में भारत के लिए आने वाला समय जल की उपलब्धता की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण रहने वाला है।
भारत में जल समस्या- देश के 604 जिलों में से 246 जिले सूखे की मार झेल रहे हैं। यानि लगभग आधा देश ही सूखे की चपेट में है। जबकि प्रदेश की सरकारें केवल जिलों को सूखाग्रस्त घोषित करने में ही मुस्तैद दिखाई पड़ती हैं। इस कार्रवाई के बाद राहत पैकेज के रूप में सांत्वना राशि का वितरण करके कर्तव्य की इतिश्री करने का काम सरकारों ने किया है। जबकि जल की कम होती उपलब्धता की मूल समस्या के निदान के विषय में सरकारों का रवैया उपेक्षापूर्ण दिखाई देता है। नासा की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में जल के अंधाधुंध दोहन के कारण देश के कई राज्यों में जल स्तर तेजी से गिरा है। सन 2002 से 2008 के दौरान किए गए अध्ययन के मुताबिक नासा ने बताया है कि राजस्थान, पंजाब और हरियाणा हर साल औसतन 17.7 अरब क्यूबिक मीटर जल का दोहन कर रहे हैं।
जबकि केन्द्र के अनुमान के मुताबिक इन राज्यों को प्रति वर्ष 13.2 अरब क्यूबिक मीटर पानी ही निकालना चाहिए। अर्थात तीनों राज्य तीस फीसदी अधिक जल का दोहन कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक भारत में भूजल का 58 फीसदी हिस्से का ही नवीनीकरण हो पाता है। स्पष्ट है किभूजल के अत्यधिक दोहन ने जल की समस्या में इजाफा करने का काम किया है। सूखाग्रस्त क्षेत्र का बढ़ता दायरा एवं उपलब्ध भूजल का प्रदूषित होना भविष्य की भयावह तस्वीर को प्रस्तुत करता है।
देश के विभिन्न हिस्सों का भूजल तेजी से प्रदूषित हो रहा है। जिससे लोगों को प्रदूषित जल ही पीना पड़ रहा है। जहां मीठे जल की उपलब्धता है उन क्षेत्रों में जल का दोहन इतना अधिक है किजल का स्तर निरंतर गिरावट की ओर है। ऐसे में देश में मीठे एवं स्वच्छ जल को कब्जाने को लेकर अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों ने भी अपनी निगाह गड़ा रखी हैं। देश के सभी नागरिकों कें लिए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता एवं सिंचाई के लिए जल की पर्याप्त उपलब्धता सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके उलट सरकारी प्राथमिकताएं कुछ और ही नजर आती हैं। जिसका उदाहरण है जल संसाधन मंत्रालय द्वारा तैयार जल नीति प्रारूप-2012।
जल नीति प्रारूप-2012- जल संसाधन मंत्रालय द्वारा तैयार प्रारूप में जल के उचित प्रबंध एवं संरक्षण हेतु सार्वजनिक-निजी भागीदारी की पैरोकारी की गई है। प्रस्तावित जल नीति के अनुसार जल के संरक्षण, आपूर्ति एवं प्रबंधन हेतु संस्थागत प्रयास किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए निम्न सुझाव दिए हैं-
- प्रत्येक राज्य में एक जल विनियमन प्राधिकरण की स्थापना की जानी चाहिए। प्राधिकरण अन्य बातों के साथ-साथ इस नीति में उल्लिखित नियमों के अनुसार सामान्यतः स्वायत्त ढंग से जल शुल्क प्रणाली तथा प्रभारों का निर्धारण और विनियमन करना चाहिए। प्राधिकरण को शुल्क प्रणाली के अलावा आवंटन का विनियमन करने, निगरानी प्रचालन करने, निष्पादन की समीक्षा करने तथा नीति में परिवर्तन करने संबंधी सुझाव इत्यादि देने जैसे कार्य भी करने चाहिए। राज्य में जल विनियमन प्राधिकरण को अंतः राज्यीय जल संबंधी विवादों का समाधान करने में भी सहयोग देना चाहिए।
- जल संसाधन की आयोजना, कार्यान्वन और प्रबंधन हेतु जिम्मेदार संस्थानों के सुदृढ़ीकरण हेतु राज्य को ‘सेवा प्रदाता‘ से सेवाओं के विनियामकों और व्यवस्थाधारकों की भूमिका में धीरे-धीरे हस्तांतरित होना चाहिए। जल संबंधी सेवाओं को समुचित ‘‘सार्वजनिक निजी भागीदारी‘‘ के उचित प्रारूप के अनुसार समुदाय तथा/अथवा निजी क्षेत्र को हस्तांतरित किया जाना चाहिए।
- दोनों सतही और भूजल की जल गुणवत्ता की निगरानी के लिए प्रत्येक नदी बेसिन हेतु समुचित संस्थागत व्यवस्था को विकसित किया जाना चाहिए।
जल संसाधन मंत्रालय द्वारा तैयार प्रारूप में जल के वितरण पर शुल्क प्रभार लगाना एवं वितरण, संरक्षण अथवा प्रबंधन को निजी हाथों में सौंपने का मसौदा तैयार किया गया है। जाहिर है प्रकृति के पांच तत्वों जिनके बारे में कहा गया है कि-
  क्षिति जल पावक गगन समीरा,
    पंच रचित अति अधम शरीरा।
प्रकृति की रचना करने वाले पांच तत्वों में महत्वपूर्ण तत्व जल की उपलब्धता ही हमारे जीवन का आधार है। जल ही जीवन है। लेकिन यह जीवन अब हमको बाजार से खरीदना होगा। भारत सरकार द्वारा तैयार जल नीति का प्रारूप यही कहता है। जल की बर्बादी को रोकने और जल संरक्षण के नाम पर तैयार प्रारूप जल के निजीकरण की बात करता है।
भारत में बढ़ती जनसंख्या एवं बढ़ते शहरीकरण ने कई क्षेत्रों में पानी की किल्लत पैदा कर दी है।जल की बढ़ती आवश्यकता एवं भूजल के अत्यधिक दोहन के कारण भूजल की गहराई बढ़ गई है। कई क्षेत्रों में तो आम नलों से पानी निकलना दूभर हो चुका है। कारण यह कि जल की गहराई तक नलों की पहुंच नहीं है। ऐसे में आधुनिक संसाधनों के माध्यम से जल का दोहन बढ़ा है। जिसे उपलब्ध है वह दुरूपयोग कर रहा है, जिसको मिल नहीं रहा, वह हलकान है। प्रत्येक व्यक्ति कोस्वच्छ जल की उपलब्धता दूर की कौड़ी न बन जाए इससे पहले नीतिगत उपायों की आवश्यकता है।
जल संरक्षण के उपायों को लागू करने में देरी करने का अब वक्त नहीं बचा है। जिसके लिए सरकारी एवं आमजन के स्तर पर प्रयासों की तत्काल आवश्यकता है। लेकिन सरकार शायद आमजन को जलविहीन करने पर ही आमदा है। जिसका उदाहरण है जल संसाधन मंत्रालयद्वारा तैयार जल नीति प्रारूप-2012। मंत्रालय ने जनसंख्या वृद्धि एवं बढ़ते शहरीकरण के कारण जल की कमी को स्वीकार किया है एवं जल सुरक्षा को गंभीर चुनौती बताया है।
जलवायु परिवर्तन एवं अत्यधिक दोहन के कारण जल की उपलब्धता के लिहाज से आने वाला समय चुनौतीपूर्ण होगा। सरकार ने जल सुरक्षा को चुनौती तो माना है। लेकिन इस चुनौती का निदान भी सरकार उस निजी क्षेत्र के जरिए पाना चाहती है, जो इस समस्या को बढ़ाने का जिम्मेदार रहा है। जाहिर है, बाजार आम आदमी को पानी बेचकर उसकी जेब तो ढीली कर सकता है लेकिन उसे आसानी से स्वच्छ जल नहीं उपलब्ध करा सकता है। ऐसे में निजी क्षेत्र द्वारा जल संरक्षण की उम्मीद करना बेमानी ही होगा।


Sunday, April 15, 2012

हिंदी पत्रकारिता का समाचार-सूर्य ‘उदन्त मार्तण्ड‘


30 मई, 1826 हिंदी पत्रकारिता के इतिहास की महत्वपूर्ण तारीख है। इसी दिन हिंदी के सर्वज्ञात प्रथम समाचार पत्र उदन्त मार्तण्ड का प्रकाशन प्रारंभ हुआ था। उदन्त मार्तण्ड का शाब्दिक अर्थ है ‘समाचार-सूर्य‘। अपने नाम के अनुरूप ही उदन्त मार्तण्ड हिंदी की समाचार दुनिया के सूर्य के समान ही था। उदन्त मार्तण्ड का प्रकाशन मूलतः कानपुर निवासी पं. युगल किशोर शुक्ल ने किया था। यह पत्र ऐसे समय में प्रकाशित हुआ था जब हिंदी भाषियों को अपनी भाषा के पत्र की आवश्यकता महसूस हो रही थी। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर ‘उदन्त मार्तण्ड‘ का प्रकाशन किया गया था। पत्र के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए युगल किशोर शुक्ल ने लिखा था जो यथावत प्रस्तुत है-

‘‘यह उदन्त मार्तण्ड अब पहले पहल हिंदुस्तानियों के हेत जो, आज तक किसी ने नहीं चलाया पर अंग्रेजी ओ पारसी ओ बंगाली में जो समाचार का कागज छपता है उसका उन बोलियों को जान्ने ओ समझने वालों को ही होता है। और सब लोग पराए सुख सुखी होते हैं। जैसे पराए धन धनी होना और अपनी रहते परायी आंख देखना वैसे ही जिस गुण में जिसकी पैठ न हो उसको उसके रस का मिलना कठिन ही है और हिंदुस्तानियों में बहुतेरे ऐसे हैं‘‘ 


हिंदी के पहले समाचार पत्र उदन्त मार्तण्ड ने समाज के विरोधाभासों पर तीखे कटाक्ष किए थे। जिसका उदाहरण उदन्त मार्तण्ड में प्रकाशित यह गहरा व्यंग्य है- 

‘‘
एक यशी वकील अदालत का काम करते-करते बुड्ढा होकर अपने दामाद को वह सौंप के आप सुचित हुआ। दामाद कई दिन वह काम करके एक दिन आया ओ प्रसन्न होकर बोला हे महाराज आपने जो फलाने का पुराना ओ संगीन मोकद्दमा हमें सौंपा था सो आज फैसला हुआ यह सुनकर वकील पछता करके बोला कि तुमने सत्यानाश किया। उस मोकद्दमे से हमारे बाप बड़े थे तिस पीछे हमारे बाप मरती समय हमें हाथ उठा के दे गए ओ हमने भी उसको बना रखा ओ अब तक भली-भांति अपना दिन काटा ओ वही मोकद्दमा तुमको सौंप करके समझा था कि तुम भी अपने बेटे पाते तक पालोगे पर तुम थोड़े से दिनों में उसको खो बैठे‘‘। 

उदन्त मार्तण्ड ने समाज में चल रहे विरोधाभासों एवं अंग्रेजी राज के विरूद्ध आम जन की आवाज को उठाने का कार्य किया था। कानूनी कारणों एवं ग्राहकों के पर्याप्त सहयोग न देने के कारण 19 दिसंबर, 1827 को युगल किशोर शुक्ल को उदन्त मार्तण्ड का प्रकाशन बंद करना पड़ा। उदन्त मार्तण्ड के अंतिम अंक में एक नोट प्रकाशित हुआ था जिसमें उसके बंद होने की पीड़ा झलकती है। वह इस प्रकार था-

‘‘
आज दिवस लौ उग चुक्यों मार्तण्ड उदन्त।
 
अस्ताचल को जाता है दिनकर दिन अब अंत।।‘‘

उदन्त मार्तण्ड बंद हो गया, लेकिन उससे पहले वह हिंदी पत्रकारिता का प्रस्थान बिंदु तो बन ही चुका था। उदन्त मार्तण्ड के प्रकाशन के बाद हिंदी पत्रकारिता ने लंबा सफर तय किया है। जिसका प्रेरणास्रोत उदन्त मार्तण्ड ही था। 
https://mail.google.com/mail/images/cleardot.gif

Friday, April 13, 2012

टाइटल सांग बने आइटम सांग


भारतीय सिनेमा की शुरूआत बीसवीं सदी के दूसरे दशक के पूर्वार्ध में हुई थी। बीसवीं सदी के भारतीय सिनेमा ने एक लंबा सफर तय किया। भारत में विभिन्न विधाओं की शुरूआत गुलामी के उस दौर में हुई, जब क्रांतिकारी परिवर्तनों की अधिकतम आवश्यकता थी। सिनेमा भी उस दौर से अछूता नहीं है। भारतीय सिनेमा जनसंचार के नए माध्यम के रूप में उभरकर आया जिसने वक्त की दास्तान को फिल्मों के रूप में प्रस्तुत किया।
सिनेमा को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का काम किया उसके गीतों ने। भारतीय सिनमा के गीतों ने सही मायनों में सामाजिक सरोकारों को आवाज दी। सवाक  सिनेमा  की शुरूआत के साथ ही गीतों का महत्व महसूस किया जाने लगा था। उस दौर में गीत ही फिल्मों की पहचान थे और महत्वपूर्ण भावों की अभिव्यक्ति गीतों के माध्यम से ही की जाती थी। ‘राजा हरिशचन्द्र‘ से शुरू हुआ फिल्मी सफर आज भी विभिन्न बदलावों के साथ सतत जारी है। भारत के हिन्दी सिनेमा के एक सदी के सफर में गीतों में अधिकतम बदलाव देखने को मिलता है।
हिंदी सिनेमा के शुरूआती दौर में धार्मिक फिल्मों का निर्माण हुआ। भारत में पहली सवाक फिल्म का निर्माण आलमआरा के रूप में हुआ। जिसके पश्चात फिल्म निर्माण की गति में और तेजी देखने को मिली। आलमआरा के बाद बनने वाली अधिकतर फिल्में सामाजिक समस्याओं पर आधारित थीं। यहीं से हिंदी सिनेमा में गीतों की विधिवत शुरूआत होती है। हिंदी सिनेमा के पहले लोकप्रिय गायक के. एल सहगल के गीतों ने हिंदी सिनेमा में गीतों का महत्व को समझाया। उनके गाए गीतों ने एक कशिश पैदा की। सहगल के गाए गानों के दर्द ने सिने प्रेमियों को गीतों का मर्म समझाया। सहगल का गाया गीत ‘दिल जलता है तो जलने दे‘ को कालजयी गीत कहा जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। उनके एक गीत ने उस दौर में धूम मचा दी थी। जिसके बोल थे ‘अब जीके क्या करेंगे जब दिल ही टूट गया‘। यह गीत सहगल को भी इतना प्रिय था कि उन्होंने कहा कि मेरी अंतिम यात्रा में भी यह गीत बजना चाहिए।
हिंदी सिनेमा में सहगल और सुरैया से शुरू हुई गीतों की यात्रा को मुकेश, रफी, गीता दत्त, लता मंगेशकर, किशोर कुमार, महेन्द्र कपूर, हेमंत एवं महबूब आदि ने बखूबी बढ़ाया। इन गायकों ने गीत गाये नहीं बल्कि शब्दों को आवाज दी, भावों को आवाज दी। मुकेश के गाए गीतों की बात की जाए तो उनके गीत संदेश लिए होते थे। जो दुनियावी झंझावतों में सकारात्मकता का संदेश देते हैं। मुकेश ने अधिकतर राजकपूर के लिए गीत गाए। यही कारण था कि मुकेश के जाने के बाद राजकपूर ने कहा था कि ‘‘मुकेश इस दुनिया से चले गए तो ऐसा लगता है मेरी आवाज चली गई‘‘। राजकपूर का अभिनय और मुकेश की आवाज यह एक परंपरा बन गई थी। इसका कारण उनकी जोड़ी की अपार सफलता भी थी।
 ‘‘आवारा हूं आवारा हूं‘‘ गीत ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सफलता अर्जित की। ‘‘सब कुछ सीखा हमने न सीखी होशियारी‘‘, ‘‘सजन रे झूठ मत बालो‘‘ जैसे गीत समाज के लिए मनोरंजन और संदेश लिए हुए थे। इसी प्रकार से मो. रफी के गीतों ने भी सिने जगत में अपनी मौजूदगी का जोरदार अहसास कराया। फिल्म ‘‘बैजू बावरा‘‘ ने रफी की लोकप्रियता को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाया। ‘‘ओ दुनिया के रखवाले सुन दर्द भरे मेरे नाले‘‘, ‘‘मन तड़पत हरि दर्शन को आज‘‘ जैसे गीतों को रफी ने इतने मनोयोग से गया था कि यह गीत जिसने भी सुने उसके दिल में उतर गए। प्रशंसकों ने यहां तक कहा था कि रफी की आवाज में वह जादू है कि पत्थर को भी पिघला दे।
उस दौर के गीतों में वह कशिश थी कि लोगों ने उन गीतों को सुना भी और समझा भी। उस दौर के गीतों में विशेष पहलू यह था कि गीतों के निर्माण के लिए विशेष तामझाम अथवा अत्यधिक खर्च की आवश्यकता नहीं थी। वक्त बदला तो बदल गया सिनेमा भी। लेकिन यह बदलाव गीतों के लिहाज से बहुत सार्थक साबित नहीं हुआ। वर्तमान दौर के गीतों को समझने की बात तो दूर है कई बार सुनने में भी कर्कश लगता है। पिछले दो तीन वर्षों से तो गीत जैसे बने ही नहीं हैं। बने हैं तो आइटम सांग और वही बन गए हैं टाइटल सांग। फिल्मों के टाइटल सांग के रूप में आइटम सांग को ही जाना जाता है। मुन्नी बदनाम हुई, टिंकू जिया, शीला की जवानी जैसे आइटम सांग फिल्मों के टाइटल सांग बन गए हैं। विशेष बात यह है कि फिल्म में इस प्रकार के गीतों के लिए भी जबरन जगह बनाई जा रही है, जगह है नहीं ऐसा प्रतीत होता है।
गीतों के लिए पटकथा में स्थान ही नहीं दिखता है। पटकथा में पिरोये गीत ही फिल्म के महत्वपूर्ण भावनात्मक दृश्यों को आवाज देते हैं। जिसको फिल्मकारों ने भूलने की कोशिश की है। संगीत को सार्थक बनाए रखने के लिए आवश्यकता है कि शास्त्रीय संगीत पर आधारित गीतों को फिल्माया जाए। तभी हिंदी सिनेमा के गीत जनसरोकारों से जुड़ाव महसूस कर पाएंगे।

Friday, March 30, 2012

परमाणु सुरक्षा के वैश्विक इंतजाम

परमाणु ऊर्जा एवं सुरक्षा दोनों पहलू आपस में संबद्ध हैं। ऊर्जा के लिए परमाणु संयंत्रों के प्रयास शुरू होते ही परमाणु सुरक्षा को लेकर चिंता भी परवान चढ़ जाती है। फुकुशिमा की दुर्घटना ने भी इस चिंता को वाजिब ठहराने का काम किया है। जिसका असर था कि विश्व की प्रमुख परमाणु शक्तियों जर्मनी, जापान, फ्रांस आदि ने इसके विकल्प तलाशने शुरू कर दिए। हाल ही में दक्षिण कोरिया में संपन्न हुए परमाणु सुरक्षा सम्मेलन में महाशक्तियों ने भी इस मसले पर चिंता जताई। अमेरिकी राष्ट्रपति ने तो परमाणु जखीरे में कटौती करने का ऐलान किया है।

 प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने परमाणु ऊर्जा की जरूरतों को महत्वपूर्ण बताते हुए सुरक्षा इंतजामों पर चिंता जताते हुए कहा- ‘‘परमाणु ऊर्जा पर लोगों के विश्वास को बनाए रखने के लिए बचाव एवं सुरक्षा के बेहतर मानक तय करने की आवश्यकता है‘‘। विश्व के प्रमुख 53 देशों के परमाणु सुरक्षा सम्मेलन में फुकुशिमा की दुर्घटना का खौफ दिखाई दे रहा था। इस चिंता को बढ़ाने का इंतजाम पाक के परमाणु हथियारों की असुरक्षा की आशंका, ईरान एवं उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम ने भी किया।

वैश्विक स्तर पर परमाणु सुरक्षा के इंतजामों की जरूरत बताते हुए कुछ उपायों पर सहमति नजर आई, जिनमें प्रमुख उपाय हैं-

 - परमाणु आतंकवाद से सुरक्षा के मसले पर परस्पर सहयोग के लिए एक मसौदे की आवश्यकता।

 - संपन्न देश अंतर्राष्ट्रीय परमाणु सुरक्षा एजेंसी के अनुदान में बढ़ोत्तरी करें, ताकि विकासशील देशों को आपदा के समय सहायता दी जा सके।

 - असैन्य परमाणु कार्यक्रमों के लिए यूरेनियम के प्रयोग को न्यूनतम स्तर पर लाया जाए।

 - रेडियो ऐक्टिव स्रोतों की सुरक्षा का इंतजाम करना।

 - परमाणु बचाव एवं सुरक्षा के इंतजामों के मानकों को और बेहतर किया जाए।

 - सभी देशों को परमाणु कचरे के निपटान के लिए उचित प्रयास करने की आवश्यकता है।

 - अंतर्राष्ट्रीय परमाणु सुरक्षा एजेंसी एवं इटरपोल को विभिन्न देशों के परमाणु सुरक्षा इंतजामों की जानकारी देने का इंतजाम करना।

 - देशों को परमाणु सुरक्षा के मसले पर न्यायिक सहयोग करने की आवश्यकता।

 - सभी देशों को सुरक्षित परमाणु संस्कृति विकसित करने के प्रयासों को प्रोत्साहन देना चाहिए।

 - परमाणु जखीरे को आतंकवादी शक्तियों से बचाने के लिए सूचना के आदान-प्रदान के पुख्ता इंतजाम करने की आवश्यकता। परमाणु सुरक्षा सम्मेलन में इंटरपोल को विभिन्न देशों के परमाणु कार्यक्रम की सूचना देने का प्रस्ताव राष्ट्रीय संप्रभुता एवं गोपनीयता का उल्लंघन करता प्रतीत होता है। वहीं परमाणु सुरक्षा के मसले पर परस्पर न्यायिक सहयोग करने का प्रस्ताव भी विभिन्न देशों में दखलंदाजी करने का जरिया हो सकता है। जिसके लिए विकासशील देशों को लामबंदी करने की आवश्यकता है।

 परमाणु ऊर्जा की सुरक्षा को लकर सम्मेलन में व्यक्त की गई चिंता यह संकेत करती है कि अब परमाणु ऊर्जा के विकल्पों की तलाश तेज करनी चाहिए। साथ ही मौजूद विकल्पों में निवेश को प्रोत्साहित करना चाहिए। यूरेनियम के कम प्रयोग करने का ऐलान भी यही साबित करता है कि परमाणु ऊर्जा पर आने वाले समय में निर्भरता कम करने के प्रयासों में तेजी आए ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों के भविष्य की दृष्टि से ग्रीनपीस की रिपोर्ट उम्मीदें जगाती है।

जिसमें देशभर में ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों के माध्यम से कई गांवों एवं पंचायतों में चल रही सफल परियोजनाओं का ब्यौरा प्रकाशित किया गया है। भारत में केन्द्र सरकार ने भी अक्षय ऊर्जा स्रोतों पर सब्सिडी दी है। हालांकि यह सब्सिडी केवल व्यक्तिगत स्तर ही अक्षय ऊर्जा के प्रयोग को प्रोत्साहित करेगी। आवश्यकता है कि ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों के प्रोत्साहन हेतु संस्थागत प्रयास किए जाएं। जिससे आम आदमी को भी उचित दरों पर अक्षय ऊर्जा का लाभ मिल सके।

कर्नाटक सरकार ने हाल ही में अक्षय ऊर्जा कोष स्थापित करने का ऐलान किया है। ऐसे ही प्रयास अन्य राज्य सरकारों द्वारा एवं केन्द्र सरकार के द्वारा किया जाने चाहिए। राजीव गांधी ग्राम विद्युतीकरण परियोजना जैसी फ्लैगशिप योजनाओं में परमाणु ऊर्जा के विकल्पों को प्रोत्साहन देने के प्रयास करना भी एक बेहतर कदम हो सकता है। परमाणु सुरक्षा को लेकर दक्षिण कोरिया में हुए इस वैश्विक सम्मेलन ने परमाणु ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों की ओर आगे बढ़ने का संकेत दिया है। ऐसे में परमाणु ऊर्जा के सहारे विकास को गति देने में लगे देशों के लिए यह विचारणीय है कि वे विकास के लिए परमाणु ऊर्जा की ओर बढ़ें अथवा विकल्पों की तलाश करें। उम्मीद है आने वाला समय परमाणु ऊर्जा के रास्ते से वापस लौटने का होगा।